Headlines

Bhimtal: मानसून तैयारियों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Bhimtal: मानसून तैयारियों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
शेयर करे-

Bhimtal: आगामी मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को भीमताल विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल, सिंचाई, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों की तैयारियों का जायजा लेते हुए मंत्री ने बरसात और संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि मानसून के दौरान जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी, पोकलैंड एवं अन्य आवश्यक मशीनरी पहले से तैनात रखी जाए, ताकि सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोला जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-बड़े नालों की सफाई, सिल्ट एवं मलबा हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मार्गों, बाजारों और जलभराव वाले स्थानों पर ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया, जिससे भारी बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में सड़कों की स्थिति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने बरसात से पहले सभी मुख्य एवं संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर भूस्खलन की आशंका अधिक रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और त्वरित कार्रवाई के लिए संसाधन उपलब्ध रहें।

बिजली और पेयजल सेवाओं को लेकर मंत्री ने कहा कि तेज बारिश और आंधी के दौरान यदि बिजली आपूर्ति या पेयजल व्यवस्था प्रभावित होती है तो उसकी तत्काल बहाली सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विभागीय टीमें पूरी तरह तैयार रहें। वहीं स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं और संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मानसून तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि विभागीय उदासीनता के कारण जनता को परेशानी होती है या आपदा के समय राहत कार्यों में देरी होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी विभागों को एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित कर आपदा से संबंधित सूचनाओं और राहत कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही भीमताल विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *