Haldwani: रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले से पूर्व नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी स्वयं मैदान में उतरकर पुलिस बल को फ्रंट से लीड कर रहे हैं और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
निर्णय के बाद संभावित उपद्रव की आशंका पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 17 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 136 लोगों के विरुद्ध भारी धनराशि के मुचलके पर पाबंद की कार्यवाही की गई है। SSP ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू
जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग की जा रही है, संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात है, संदिग्धों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है, अफवाह फैलाने वालों और अनावश्यक घूमने वालों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र में AREA DOMINATION की कार्यवाही भी लगातार जारी है।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल, एसपी रेलवे श्री पी. के. श्रीवास्तव, एसपी जीआरपी सुश्री अरुणा भारती, क्षेत्राधिकारी लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार सैनी, निरीक्षक बनभूलपुरा श्री दिनेश सिंह फर्त्याल, निरीक्षक एलआईयू श्री ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य राजपत्रित व अराजपत्रित अधिकारी भी मौके पर मोर्चा संभाले हुए हैं।
SSP मंजुनाथ टीसी ने आमजन से सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों, सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचनाएँ फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
