Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में जन सुविधा शिविरों का सफल आयोजन, नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित निस्तारण

Haldwani: हल्द्वानी में जन सुविधा शिविरों का सफल आयोजन, नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित निस्तारण
शेयर करे-

Haldwani:  जिलाधिकारी महोदया के निर्देशानुसार बुधवार 20 अगस्त 2025 को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 51 और 52 के लिए जन सुविधा शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन जनमिलन केंद्र हल्द्वानी में किया गया। प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में नागरिकों की समस्याएँ सुनी गईं।

शिविर में नागरिकों ने अपनी शिकायतें सीधे विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त शिकायतों का विधिवत पंजीकरण कर उनका निस्तारण किया गया तथा आवश्यक मामलों को संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया। इस पहल से नागरिकों को एक ही मंच पर विद्युत, जल संस्थान, पूर्ति, नगर निगम एवं अन्य विभागीय सेवाएँ प्राप्त हुईं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हुई।

आधार सेवा केंद्र में कुल 46 नए एवं संशोधित आधार कार्ड बनाए गए। विद्युत विभाग में 2 शिकायतें दर्ज हुईं जिन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पूर्ति विभाग को 11 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें राशन कार्ड संशोधन, नया कार्ड बनवाने, नाम जोड़े जाने और ऑनलाइन प्रक्रिया संबंधी समस्याएँ शामिल थीं। नगर निगम से जुड़ी स्ट्रीट लाइट की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। जल संस्थान में जलापूर्ति बाधित होने की एक शिकायत दर्ज हुई जिस पर विभाग ने तत्काल जांच और समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण हेतु भी आवेदन लिए गए। इस दौरान वार्ड 51 के पार्षद मुकेश बिष्ट और वार्ड 52 की पार्षद रेखा बिनवाल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। नागरिकों ने इस शिविर को उपयोगी बताते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

प्रशासन ने बताया कि इसी क्रम में गुरुवार 21 अगस्त को वार्ड संख्या 50 के लिए पार्षद कार्यालय हल्द्वानी में तथा वार्ड संख्या 49 के लिए तारा टटेंट हाउस कुसुम खेड़ा हल्द्वानी में शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने अपील की है कि अधिक से अधिक नागरिक शिविर में शामिल होकर अपनी समस्याएँ दर्ज कराएँ ताकि उनका समय पर निस्तारण हो सके और लोगों को घर के समीप ही विभागीय सेवाएँ प्राप्त हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *