Headlines

Haldwani: अमृत भारत योजना के तहत हल्द्वानी रेलवे विस्तार को मिलेगी गति, अतिक्रमण चिन्हित कर 3 अगस्त से शुरू होगा संयुक्त सर्वे

Haldwani: अमृत भारत योजना के तहत हल्द्वानी रेलवे विस्तार को मिलेगी गति, अतिक्रमण चिन्हित कर 3 अगस्त से शुरू होगा संयुक्त सर्वे
शेयर करे-

Haldwani: अमृत भारत योजना के अंतर्गत हल्द्वानी एवं लालकुआं रेलवे स्टेशनों के विस्तारीकरण की प्रक्रिया को गति देने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में रेलवे की भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर सीमांकन करने और विधिसम्मत हटाने की कार्रवाई के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में प्रशासन, वन विभाग, रेलवे, पुलिस, विद्युत, जल संस्थान, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण हेतु अतिक्रमित भूमि को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए दो संयुक्त टीमें बनाई गई हैं जिनमें रेलवे, राजस्व, वन, पुलिस, जल संस्थान, विद्युत एवं पूर्ति विभाग के अधिकारी सम्मिलित हैं। दोनों टीमों के समन्वय एवं पर्यवेक्षण के लिए उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

सर्वे कार्य की मॉनिटरिंग के लिए नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी, सिटी मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा नामित पुलिस अधीक्षक, उप प्रभागीय वनाधिकारी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान, विद्युत विभाग तथा जिला पूर्ति अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित अधिकारी प्रतिदिन अपने विभागीय सर्वे की जानकारी प्रस्तुत करेंगे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 3 अगस्त से सर्वे प्रारंभ कर समयबद्ध एवं त्रुटिहीन कार्य सुनिश्चित किया जाए। सर्वे के दौरान सीमांकन के साथ-साथ विद्युत व जल संयोजन, आधार, राशन कार्ड, निर्वाचन पहचान पत्र, आयुष्मान कार्ड आदि की जांच भी की जाए। रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया जाए कि किस स्तर पर अपात्र व्यक्तियों को यह सुविधाएं प्रदान की गईं, ताकि जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि अतिक्रमण की पहचान के बाद माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 15 दिन की नोटिस प्रक्रिया पूर्ण कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। जिला पूर्ति अधिकारी को अवैध राशन कार्ड तत्काल निरस्त करने, विद्युत विभाग को बिजली चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज करने तथा जल संस्थान को अवैध जल संयोजन हटाने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन पहचान पत्रों की सत्यता की जांच कर जिम्मेदार बीएलओ या सुपरवाइजर पर कार्रवाई की अनुशंसा भी की जाएगी।

सर्वे के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के भी निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने रेलवे परियोजना, इंदिरानगर नाला, शनि बाजार नाला और देवखड़ी नाला परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागड़ी, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, रेलवे इंजीनियर सुबोध थपलियाल, गिरिजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Haldwani Haldwani: अमृत भारत योजना के तहत हल्द्वानी रेलवे विस्तार को मिलेगी गति, अतिक्रमण चिन्हित कर 3 अगस्त से शुरू होगा संयुक्त सर्वे Haldwani: अमृत भारत योजना के तहत हल्द्वानी रेलवे विस्तार को मिलेगी गति, अतिक्रमण चिन्हित कर 3 अगस्त से शुरू होगा संयुक्त सर्वे

For latest news updates click here

For English news updates click here   

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *