Haldwani: उत्तराखंड महिला उद्यमिता परिषद की अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचीं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री रेनू अधिकारी का कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों, फूलमालाओं और गर्मजोशी के साथ आयोजित समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ व्यापारी वर्ग और कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष महेंद्र अधिकारी, मेयर गजराज बिष्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, सचिन शाह, काठगोदाम मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने रेनू अधिकारी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके नेतृत्व की सराहना की।
मीडिया से बातचीत में रेनू अधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजय कुमार और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहाड़ से लेकर मैदान तक महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज़मीनी स्तर तक पहुंचाया जाएगा और इनकी रफ्तार को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता महेंद्र अधिकारी ने कहा कि सभी वरिष्ठ जनों को साथ लेकर समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

