Haldwani: हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण और टीसी से जुड़ेगंभीर मामलों पर त्वरित सुनवाई कर कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों की समस्याओं को आयुक्त ने स्वयं सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान वर्ष 2014 के 7 बीघा भूमि विवाद में सितारगंज नानकमत्ता निवासी रोशनी जंतवाल के मामले का समाधान किया गया। रोशनी जंतवाल ने बताया था कि विक्रेता आलम सिंह ने रजिस्ट्री में धोखाधड़ी की थी। पिछली जनसुनवाई में दिए गए तलब निर्देशों पर आज दोनों पक्ष उपस्थित हुए और विक्रेता ने स्वयं भूमि की रजिस्ट्री कर दी। समाधान के बाद रोशनी जंतवाल ने आयुक्त का आभार जताया।
इसके अलावा छाया नेगी व जीवंती नेगी की शिकायत पर आयुक्त ने हिम्मतपुर तल्ला में खरीदी गई भूमि का कब्जा न मिलने की समस्या पर पटवारी को तत्काल पैमाइश कर वास्तविक भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार अनुराधा व अन्य चार व्यक्तियों द्वारा ख़परार क्षेत्र में बिल्डर द्वारा पेयजल, सड़क, बिजली जैसी सुविधाएँ न देने और वास्तविक प्लॉट्स का पता न होने की शिकायत पर आयुक्त ने बिल्डर व फरियादियों को सुनकर पटवारी को सभी सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण करने व वास्तविक प्लॉट्स पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एग्रीमेंट का शत-प्रतिशत अनुपालन हर हाल में कराया जाए।
महेन्द्र सिंह, जितेन्द्र सिंह, ठाकुर चन्द्र, छाया नेगी सहित कई लोगों द्वारा भूमि धोखाधड़ी, धन हड़पने और कब्जे से जुड़ी शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें अधिकांश मामलों में मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
जमीन खरीद में बढ़ रही धोखाधड़ी पर कमिश्नर दीपक रावत की महत्वपूर्ण अपील
कमिश्नर दीपक रावत ने जनता से अपील की कि भूमि खरीद-फरोख्त से जुड़े धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के मामलों में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में नागरिक सतर्कता बरतें और किसी भी लेनदेन से पहले दस्तावेजों की पूरी जांच अनिवार्य रूप से करें।
उन्होंने जमीन खरीदने से पहले निम्न बिंदुओं की जांच अवश्य करने की अपील की—
- भूमि का रिकॉर्ड भूलेख/राजस्व विभाग के अभिलेखों से मिलाएं।
- खतौनी, खसरा, नक्शा और स्वामित्व संबंधी सभी दस्तावेज आधिकारिक स्रोत से सत्यापित करें।
- विक्रेता की पहचान व स्वामित्व स्थिति सुनिश्चित करें।
- भूमि पर विवाद, न्यायालयीय रोक, ऋण, बंधक या कब्जा न हो—यह जांच लें।
- दलालों पर निर्भर न रहकर सभी मूल दस्तावेज स्वयं देखें।
- रजिस्ट्री से पूर्व भूमि की पैमाइश और स्थल निरीक्षण अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी संदेह की स्थिति में तहसील, राजस्व विभाग या पुलिस से तत्काल संपर्क करें और धोखाधड़ी की आशंका होने पर शिकायत दर्ज कराएं।
कमिश्नर ने नागरिकों से आग्रह किया कि भूमि खरीद में जल्दबाजी न करें और पूर्ण दस्तावेजी सत्यापन के बाद ही लेनदेन करें ताकि आर्थिक नुकसान और कानूनी जटिलताओं से बचा जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
