Uttarakhand: उत्तराखंड के देवाल–बेराधार मोटर मार्ग पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां ग्रामीणों को सड़क के जीरो किलोमीटर क्षेत्र में एक नन्हे बच्चे का कटा हुआ सिर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही देवाल पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सुबह-सुबह सड़क किनारे पड़े मासूम के सिर को देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्राम प्रहरी के माध्यम से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने पुष्टि करते हुए कहा कि मौके से केवल बच्चे का सिर मिला है, शरीर का धड़ अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की उम्र, पहचान और मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। सिर किसका है, यह भी फिलहाल अज्ञात है।”
पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और आस-पास के गांवों से लापता बच्चों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना दिया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
