Dehradun: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 128वें एपिसोड में देशवासियों से अपने विचार साझा करते हुए एक बार फिर उत्तराखंड का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन दिनों उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म देशभर के लोगों को आकर्षित कर रहा है। पीएम मोदी ने औली, मुनस्यारी, चोपता और दयारा बुग्याल जैसी जगहों की बढ़ती लोकप्रियता पर खुशी जताई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सर्दियों का मौसम आते ही विंटर टूरिज्म का समय भी शुरू हो जाता है। दुनिया के कई देशों ने अपने विंटर फेस्टिवल, स्कीइंग, स्नोबोर्ड, स्नो ट्रेकिंग, आइस क्लाइंबिंग और फैमिली स्नो पार्क जैसे अनुभवों को अपनी अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा बना लिया है। उन्होंने कहा कि भारत में भी विंटर टूरिज्म की अपार क्षमता है—हमारे पास पर्वत, प्रकृति, संस्कृति और एडवेंचर का अनूठा संगम है।
पीएम मोदी ने उत्तराखंड में हाल ही में आयोजित पिथौरागढ़ जिले के 14,500 फीट से अधिक ऊंचाई पर आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें 18 राज्यों से 750 से अधिक एथलीटों ने हिस्सा लिया। कड़ाके की ठंड में सुबह 5 बजे शुरू हुई इस 60 किमी लंबी परिक्रमा रन ने सभी को उत्साहित किया। उन्होंने बताया कि तीन साल पहले जहां मात्र 2 हजार से कम पर्यटक आदि कैलाश पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या 30 हजार से अधिक हो गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में जल्द ही विंटर गेम्स का आयोजन होने जा रहा है, जिसके लिए स्कीइंग और स्नोबोर्डिंग सहित कई बर्फीले खेलों की तैयारियां तेज हैं। राज्य सरकार कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और होमस्टे पॉलिसी पर भी विशेष ध्यान दे रही है ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि सर्दियों में “वेड इन इंडिया” भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और गंगा किनारे होने वाली शादियां उत्तराखंड की नई पहचान बनती जा रही हैं। पीएम मोदी ने लोगों से हिमालय की वादियों को सर्दियों में अपनी यात्रा सूची में शामिल करने की अपील की।

Chief Editor, Aaj Khabar
