Haldwani: जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी वाजपेयी ने गुरुवार को तीनपानी से मंडी तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए, एडीबी तथा विद्युत वितरण खंड नगरीय एवं ग्रामीण के अधिशासी अभियंता भी मौजूद रहे।
निरीक्षण में पाया गया कि अधिकांश अतिक्रमणकारियों द्वारा अपने कब्जे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई गई। नगर मजिस्ट्रेट ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि सड़क किनारे लगे विद्युत पोलों को शीघ्र शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू कर निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
परियोजना प्रबंधक को ड्रेनेज कार्य जल्द पूरा करने और पोल शिफ्टिंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही तीनपानी से मंडी की ओर दाहिनी तरफ भी ड्रेनेज और सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ करने को कहा गया।
मार्ग चौड़ीकरण में बाधा बन रहे पेड़ों के छपान के लिए वन विभाग के साथ समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मंडी चौराहे से शनि बाजार की ओर विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए दो दिन के भीतर आगणन प्रस्तुत करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
