Haridwar: गुरुवार को हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक युवा इंटर्न डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला डॉक्टर गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी 25 वर्षीय डॉ. ऋतुराज रुड़की स्थित मदरहुड यूनिवर्सिटी से बीएमएएस की पढ़ाई कर रहे थे और बहादराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में छह महीने की इंटर्नशिप के तहत सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार सुबह वे अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए निकल रहे थे, उनके साथ महिला डॉक्टर डॉ. दिव्या भी मौजूद थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे दिल्ली नंबर के एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि डॉ. ऋतुराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डॉ. दिव्या हादसे के बाद गहरे मानसिक सदमे में चली गईं।
सीएचसी बहादराबाद की प्रभारी डॉ. आरती सिंह ने बताया कि डॉ. ऋतुराज एक मेहनती और जिम्मेदार प्रशिक्षु थे, जो नियमित रूप से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में शोक की लहर दौड़ गई और सभी कर्मचारी स्तब्ध रह गए।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बहादराबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
