Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 में प्रतिभाग करते हुए वरिष्ठजनों को सम्मानित किया और उनके कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठजन केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की भी अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि जहां बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नैनीताल के कोटाबाग में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त वृद्धाश्रम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, जिन जनपदों में अभी वृद्धाश्रम नहीं हैं, वहां भी नए वृद्धाश्रम खोले जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वरिष्ठजनों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों की खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है और जीवन में उत्साह बनाए रखना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना जैसी पहलें वरिष्ठजनों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 6 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वृद्धाश्रमों के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए भवन निर्माणाधीन हैं। रुद्रपुर में आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अटल वयोअभ्युदय योजना के तहत वरिष्ठजनों को पोषण, स्वास्थ्य और मनोरंजन सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही, राज्य में पहली बार जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे बुजुर्गों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की कॉफी टेबल बुक “अभय उदय” का विमोचन किया गया तथा वरिष्ठजनों के कल्याण हेतु एक विशेष एप भी लॉन्च किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 13 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सरिताआर्य, डा0 मोहन सिंह बिष्ट, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, अध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष नवीन लाल वर्मा, उत्तराखंड सरकार में दाईत्वधारी डा0 अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्य, सुरेश भट्ट,भावना मेहरा, शंकर कोरंगा, हरक सिंह नेगी, शान्ति मेहरा, फरजाना, एस नामधारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, साकेत अग्रवाल, राजेन्द्र सिह बिष्ट, मेजर जनरल सेनि. इन्द्रजीत सिंह, कर्नल सेनि. बीएस रौतेला, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल,निदेशक समाज कल्याण डॉ संदीप तिवारी, अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चंद्र, एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी,सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डे के साथ ही वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के पदाधिकारी,पेंशनर वेलफेयर के सदस्य, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
