Haldwani: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने दिसंबर-2025 सत्र की परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि विश्वविद्यालय ने परीक्षा समाप्त होने के मात्र 20 दिनों के भीतर तथा सिर्फ 15 कार्यदिवस में शत-प्रतिशत परिणाम घोषित कर दिए।
विश्वविद्यालय द्वारा 16 फरवरी से 11 अप्रैल 2026 तक प्रदेशभर के 76 केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गईं, जिन्हें 39 परीक्षा दिवसों में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। कुल 323 परीक्षाफलों को रिकॉर्ड समय में जारी किया गया, जो विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार इतनी तेजी से संभव हो पाया है।
कुलपति ने बताया कि इस उपलब्धि के लिए 289 आंतरिक एवं बाह्य परीक्षकों की टीम ने केन्द्रीय मूल्यांकन कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया। देशभर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के शिक्षकों की भागीदारी और डिजिटल समन्वय ने इस प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी, डिजिटल और शिक्षार्थी-केंद्रित कार्यप्रणाली के कारण ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है। इससे हजारों विद्यार्थियों को प्रवेश, रोजगार और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में समय पर लाभ मिलेगा।
प्रेस वार्ता में आदर्श अध्ययन केंद्र हल्द्वानी–16000 में संचालित नवाचारों की भी जानकारी दी गई। ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रमों के तहत 17 अप्रैल को 175 और 26 अप्रैल को करीब 120 शिक्षार्थियों ने भाग लिया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, परीक्षा प्रणाली और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं से परिचित कराना है।
विश्वविद्यालय द्वारा सप्ताहांत में विशेष ऑफलाइन परामर्श सत्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें अब तक 1100 से अधिक शिक्षार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। साथ ही, दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी जारी है।
शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के लिए 15 अस्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जबकि 09 प्रोफेसर, 02 एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर के स्थायी पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी व्यवस्था और नवाचारपूर्ण पहल के जरिए शिक्षार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान किए जाएंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
