Headlines

Haldwani: संदिग्ध SIR आपत्तियों पर कांग्रेस सख्त, 1,500 मतदाताओं के नामों पर दर्ज आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग

Haldwani: संदिग्ध SIR आपत्तियों पर कांग्रेस सख्त, 1,500 मतदाताओं के नामों पर दर्ज आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग
शेयर करे-

Haldwani: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में सामने आ रही संदिग्ध और सामूहिक आपत्तियों को लेकर कांग्रेस ने गंभीर चिंता जताई है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ERO एवं सिटी मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी को ज्ञापन सौंपकर आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने और किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम गलत शिकायत के आधार पर मतदाता सूची से नहीं हटाने की मांग की।

कांग्रेस ने बताया कि हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में करीब 43 हजार आपत्तियां दर्ज हुई हैं। इनमें से 10 अगस्त से करीब 1,500 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज किए जाने के मामले सामने आए हैं। कांग्रेस का दावा है कि कुछ मामलों में एक ही शिकायतकर्ता ने करीब 40-40 मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां दर्ज की हैं।

महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि एक शिकायतकर्ता द्वारा बड़ी संख्या में अलग-अलग मतदाताओं के नाम पर आपत्ति दर्ज करना प्रथम दृष्टया सामान्य प्रक्रिया नहीं लगता। ऐसे मामलों में शिकायतकर्ता की पहचान और आपत्ति के वास्तविक आधार की गहन जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध शिकायतों के आधार पर नाम काटना मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों से खिलवाड़ होगा।

कांग्रेस ने फॉर्म संख्या 10 में शिकायतकर्ता की पहचान, भाग संख्या और मतदाता क्रमांक जैसी जानकारियां स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं होने पर भी पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए। पार्टी ने मांग की कि प्रत्येक आपत्ति का सत्यापन किया जाए और संबंधित मतदाता को अपना पक्ष रखने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिया जाए।

हल्द्वानी विधानसभा प्रभारी एवं BLA-1 डॉ. मयंक भट्ट ने कहा कि कांग्रेस SIR प्रक्रिया के विरोध में नहीं है, बल्कि इसे निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप कराने में निर्वाचन आयोग का सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटना सीधे उसके मताधिकार को प्रभावित करता है।

कांग्रेस ने प्रशासन से एक ही शिकायतकर्ता द्वारा बड़ी संख्या में दर्ज आपत्तियों की अलग से जांच, करीब 1,500 मतदाताओं से संबंधित सामूहिक आपत्तियों का सत्यापन, शिकायतकर्ताओं की पहचान की पुष्टि और गलत या फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अपात्र मतदाताओं को चिन्हित करना जरूरी है, लेकिन इसके साथ पात्र मतदाताओं के नाम और मताधिकार की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। SIR प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी होनी चाहिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में आम जनता और राजनीतिक दलों का विश्वास बना रहे।

ज्ञापन देने वालों में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, BLA-1 एवं प्रभारी हल्द्वानी विधानसभा डॉ. मयंक भट्ट, जिला महासचिव मलय बिष्ट, पूर्व मंत्री सुहैल सिद्दीकी, गोविन्द बगड़वाल, पार्षद एडवोकेट धर्मवीर, महानगर कोषाध्यक्ष कन्नू परगाई, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार, एडवोकेट कोमल जायसवाल, योगेंद्र पाठक, अंकुर जोशी, मोहित दुर्गापाल एवं देवेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *