Headlines

Bhimtal: मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में ओखलकांडा शिविर, 68 में से 57 शिकायतों का मौके पर निस्तारण; 424 लोग लाभान्वित

Bhimtal: मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में ओखलकांडा शिविर, 68 में से 57 शिकायतों का मौके पर निस्तारण; 424 लोग लाभान्वित
शेयर करे-

Bhimtal: विकासखंड ओखलकांडा के राजकीय इंटर कॉलेज ढोलीगांव में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की।

शिविर में क्षेत्रीय जनता की ओर से कुल 68 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 57 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में 175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि आठ दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अलावा 35 बीपीएल कार्ड बनाए गए और महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिलने से कुल 424 लोग सीधे लाभान्वित हुए।

शिविर में राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, लोक निर्माण, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल निगम, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, पशुपालन, बाल विकास, उरेडा, खाद्य एवं आपूर्ति तथा ई-डिस्ट्रिक्ट सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

शिविर को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

मंत्री ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी भी जनता को दी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिविर में लोगों की समस्याएं क्रमवार सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेंद्र बैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, खंड विकास अधिकारी केएस सामंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *