Uttarakhand: बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी प्रमोद नौटियाल की मां हेमलता नौटियाल ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) से 11 बिंदुओं पर सूचना मांगी है। उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आरटीआई दाखिल कर बीकेटीसी की कार्यप्रणाली, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और ड्यूटी से जुड़े अभिलेखों पर सवाल उठाए हैं। आरटीआई सामने आने के बाद बीकेटीसी में हलचल बढ़ गई है।
आरटीआई में वैयक्तिक सहायक (पीए) की गणना और प्रोटोकॉल ड्यूटी को लेकर विशेष जानकारी मांगी गई है। पूछा गया है कि पीए की ड्यूटी किस अधिकारी के आदेश पर लगाई गई थी और क्या यह कार्य उसके निर्धारित पदीय दायित्वों में शामिल है। इसके साथ ही संबंधित आदेश और ड्यूटी से जुड़े अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
हेमलता नौटियाल ने बीकेटीसी में संविदा पर कार्यरत विधि अधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी जानकारी मांगी है। आरटीआई में पूछा गया है कि विधि अधिकारी की नियुक्ति किस नियम के तहत की गई और इसके लिए शासन से अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही विधि अधिकारी की भूमिका और जिम्मेदारियों से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
आरटीआई में गणना, प्रोटोकॉल और अन्य जिम्मेदारियों को लेकर अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट करने वाले अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की गई है। बताया गया है कि लेखा और प्रोटोकॉल संबंधी कार्य वैयक्तिक सहायक के निर्धारित दायित्वों में वैधानिक रूप से शामिल नहीं हैं, ऐसे में इन कार्यों के लिए जारी आदेश और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया की जानकारी मांगी गई है।
बीकेटीसी के सूचना अधिकारी राजन नैथानी ने आरटीआई मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मांगी गई सूचनाएं नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
