Headlines

Haldwani: नैनीताल रोड पर थार से स्टंटबाजी पर पुलिस का एक्शन, चालक हिरासत में लेकर वाहन सीज

Haldwani: नैनीताल रोड पर थार से स्टंटबाजी पर पुलिस का एक्शन, चालक हिरासत में लेकर वाहन सीज
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी–नैनीताल हाईवे पर थार वाहन से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। मामले का संज्ञान लेते हुए डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन सीज किया है तथा उसके ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार 19 दिसंबर 2025 की रात्रि को वाहन संख्या UK06BC7200 (थार) के चालक द्वारा हल्द्वानी–नैनीताल हाईवे पर तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट किए गए, जिससे न केवल उसकी अपनी जान बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

वीडियो सामने आते ही SSP नैनीताल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने जांच कर चालक की पहचान ब्रह्मजोत सिंह पुत्र सुशांत सिंह, निवासी उदयपुर दौलतपुर, हल्द्वानी के रूप में की। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

20 दिसंबर 2025 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चालक को हिरासत में लिया। खतरनाक एवं उतावलेपन से वाहन चलाने के आरोप में थार वाहन को सीज कर दिया गया तथा ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी अमल में लाई गई।

SSP नैनीताल ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि स्टंटबाजी, हुड़दंग, अराजकता और कानून तोड़ने जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक मार्गों पर आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित वाहन चलाएं और स्टंटबाजी या हुड़दंग से दूर रहें। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सतर्क निगरानी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *