Haldwani: सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी तथा सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर क्वीरा लामाचौड़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेवन-ए-साइड अंतर विद्यालयी बालिका-बालक फुटबॉल कप 2025-26 के तीसरे संस्करण का आज भव्य समापन हुआ। छह दिनों तक चले इस रोमांचक आयोजन में 47 बालक एवं 15 बालिका टीमों ने भाग लेकर खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में सिंथिया एवं शिवालिक स्कूल, जबकि बालक वर्ग में आर्यमान विक्रम बिरला एवं बीरशिबा स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंथिया 7-ए-साइड ट्रॉफी अपने नाम की। बालिका जूनियर वर्ग में आर्यमान विक्रम बिरला, बालक जूनियर में शिवालिक, बालिका सीनियर में आर्यमान विक्रम बिरला तथा बालक सीनियर वर्ग में व्हाइटहॉल स्कूल की टीमें उपविजेता रहीं।
बालिका जूनियर वर्ग के फाइनल में शिवालिक स्कूल ने डॉनबोस्को स्कूल को 2-1 से पराजित किया। शिवालिक की अनायशा ने दो गोल दागकर टीम को जीत दिलाई, जबकि डॉनबोस्को की किरण ने एक गोल किया। बालक जूनियर वर्ग में शिवालिक और आर्यमान विक्रम बिरला के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा, जिसके बाद पेनल्टी शूट-आउट में बिरला ने 3-2 से ट्रॉफी अपने नाम की।
सीनियर बालक वर्ग में बीरशिबा स्कूल के ऋषभ महरा और शौर्य वर्फाल ने एक-एक गोल कर टीम को विजेता बनाया। बालिका सीनियर वर्ग में सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने आर्यमान विक्रम बिरला को हराया, जहां निकिता पांडेय और योगिता गोस्वामी ने एक-एक गोल कर जीत सुनिश्चित की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय धावक एवं पूर्व उप खेल निदेशक सुरेश चंद्र पांडेय ने खिलाड़ियों से खेल के माध्यम से अनुशासन को जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से खिलाड़ी किसी भी स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रशिक्षक एवं पूर्व जिला खेल अधिकारी देवेंद्र भट्ट तथा राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रशिक्षक श्याम भट्ट ने भी खिलाड़ियों को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का संचालन अकादमिक कोऑर्डिनेटर बी.बी. जोशी ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रेफरी, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. प्रवींद्र कुमार रौतेला ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल को जीवन का अभिन्न अंग बनाने और खिलाड़ियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया, जिसे आने वाले वर्षों में और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
