Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में स्कूटी डिग्गी चोरी का खुलासा, शातिर हिस्ट्रीशीटर 12 घंटे में गिरफ्तार

Haldwani: हल्द्वानी में स्कूटी डिग्गी चोरी का खुलासा, शातिर हिस्ट्रीशीटर 12 घंटे में गिरफ्तार
शेयर करे-

Haldwani: शहर में स्कूटी की डिग्गी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का नकद और एयर बड सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 दिसंबर 2025 को मुखानी, हल्द्वानी निवासी कमलेश तिरुवा ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि एमबीपीजी कॉलेज के पीछे गेट पर खड़ी उनकी स्कूटी की डिग्गी का लॉक तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा 5000 रुपये नकद और एयर बड चोरी कर लिए गए। इस शिकायत के आधार पर 19 दिसंबर 2025 को कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर चोरी में शामिल आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिमांशु पंत उर्फ पटाखा पुत्र पंकज पंत, निवासी पुराना आवास विकास भोटिया पड़ाव, हल्द्वानी को 19 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 1900 रुपये नकद, एक आसमानी रंग का एयर बड और छह वाहन चाबियां बरामद की गईं। बरामदगी के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी एक शातिर किस्म का चोर है और कोतवाली हल्द्वानी का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में चौकी राजपुरा पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *