Haldwani: 20 से 23 दिसंबर तक इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हल्द्वानी में आयोजित राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर अंडर-18 जूजित्सु चैंपियनशिप–2025 के पहले दिन उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 17 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। यह प्रदर्शन अब तक का सबसे श्रेष्ठ और ऐतिहासिक माना जा रहा है।
पहले ही दिन उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई दिग्गज चैंपियन खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए प्रतियोगिता में जबरदस्त बढ़त बना ली। विभिन्न भार वर्गों में शानदार जीत दर्ज कर राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान साबित की।
प्रतियोगिता के निदेशक प्रशासन सतीश जोशी ने बताया कि यह उत्तराखंड के खिलाड़ियों का पहले ही दिन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है, जिसने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है। उत्तराखंड के लिए पहला स्वर्ण पदक हल्द्वानी के देवांश जोशी, अल्मोड़ा की हर्षिता बिष्ट और ऋषिकेश की नितिका पंत ने दिलाया। इसके बाद राज्य के खिलाड़ियों ने लगातार स्वर्ण पदक जीतते हुए दबदबा कायम कर लिया।
बबीता अधिकारी, रेयांश सिंह, जिया रानी, रियांश, नेईशा थापा, चार्बी बिष्ट, मानस मेवाड़ी, शिवांश सनवाल, सोनम, निधि, ऋद्धिमा नेगी, भव्या जोशी और प्रियंका आर्य ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड की झोली भर दी।
पदक तालिका में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी 8 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हरियाणा के खिलाड़ी 7 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान के लिए संघर्ष करते नजर आए। चैंपियनशिप 23 दिसंबर तक जारी रहेगी।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महासचिव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं, जिनमें विश्व चैंपियनशिप की रजत और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी भी शामिल हैं। आयोजन में देश के 23 राज्यों से लगभग 800 खिलाड़ी, 80 से अधिक अधिकारी और रेफरी भाग ले रहे हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
