Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में एडीजी अपराध ने की उच्चस्तरीय बैठक, महिला अपराध, नशा तस्करी व लंबित मामलों पर कड़े निर्देश

Haldwani: हल्द्वानी में एडीजी अपराध ने की उच्चस्तरीय बैठक, महिला अपराध, नशा तस्करी व लंबित मामलों पर कड़े निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में आयोजित उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जनपद के पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई।

एडीजी ने विशेष रूप से महिला अपराधों की धीमी विवेचना पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों को 60 दिन की निर्धारित समयसीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एडीजी ने निर्देश दिए कि ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ से जुड़े मामलों में जांच की गुणवत्ता सुधारी जाए और बड़े तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनकी संपत्तियों की जब्ती की प्रक्रिया तेज की जाए।

बैठक में गुमशुदा व्यक्तियों, खासकर नाबालिग बच्चों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए आधुनिक तकनीकों और प्रचार-प्रसार के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया गया।

एडीजी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी शिकायतों, प्रार्थना पत्रों और विभागीय जांचों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। थानों का नियमित निरीक्षण, लंबित माल का सत्यापन और ई-साक्ष्य व अन्य डिजिटल पोर्टलों पर डेटा अपडेट करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग करते हुए अपराध मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कार्य करना होगा।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *