Headlines

Dehradun: देहरादून हत्या कांड पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, उच्चस्तरीय जांच की मांग

Dehradun: देहरादून हत्या कांड पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, उच्चस्तरीय जांच की मांग Yashpal arya
शेयर करे-

Dehradun: राजधानी देहरादून में मॉर्निंग वॉक पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वी.के. जोशी की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इस घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

यशपाल आर्य ने कहा कि यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि पूरे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर लगा काला धब्बा है। उन्होंने कहा कि जिस सैनिक ने अपना जीवन देश की सीमाओं की रक्षा में बिताया, वह आज अपने ही शहर में सुरक्षित नहीं है, जो सरकार की बड़ी विफलता को दर्शाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का कोई भय नहीं रह गया है। हत्या, लूट और डकैती जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि सरकार और प्रशासन निष्क्रिय बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस तंत्र पंगु हो चुका है और अपराधियों को खुला संरक्षण मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, जो कभी शांति और सुरक्षित जीवन के लिए जाना जाता था, आज अराजकता और भय का केंद्र बनता जा रहा है। सरकार की नीतिगत असफलताओं और कमजोर इच्छाशक्ति ने प्रदेश को अपराधियों के हवाले कर दिया है।

यशपाल आर्य ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने इस जघन्य हत्या की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और उन्हें कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। साथ ही प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड की जनता डरकर नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाकर जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *