Haldwani: दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को महानगर कांग्रेस कमेटी, हल्द्वानी ने बुद्ध पार्क में भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्र-युवाओं की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि देशभर के छात्र लंबे समय से अपनी जायज़ मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने कहा कि युवा शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज़ सुनने के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपना रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार और छात्र नेता कमल बोरा ने संयुक्त रूप से कहा कि देश का छात्र अपने भविष्य और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रही है, जिसका कांग्रेस लगातार विरोध करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर हुए बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में हेमंत बगड़वाल, ललित जोशी, मलय बिष्ट, जीवन कार्की, हेमंत साहू, हेम पांडे, भागीरथी बिष्ट, रेनू तोमर, विमला सांगूड़ी, मंजू पांडे, मुन्नी जोशी, इंजीनियर सुमित कुमार, महेश कांडपाल, कमल बोरा, मेहुल साह, एडवोकेट भानु कबड़वाल, जाकिर हुसैन, मुकुल बलुटिया, एडवोकेट धर्मवीर, त्रिलोक बनोली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
