Headlines

Haridwar: पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए शव, मुख्य पुजारी फरार

Haridwar: पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए शव, मुख्य पुजारी फरार
शेयर करे-

Haridwar: हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को दो साधुओं के लापता होने और अनहोनी की आशंका की सूचना दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई, जहां से दोनों शव बरामद हुए। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफनाया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया गया है, जो घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *