Uttarakhand: लगातार भारी वर्षा और भूस्खलन की आशंका के चलते 20 जुलाई 2026 को एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित की गई चारधाम यात्रा को आवश्यक समीक्षा के बाद पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी और सतर्कता बनाए रखने की बात कही है।
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जनपदों के जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ तथा संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा का संचालन कराया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यदि यात्रा के दौरान किसी स्थान पर भारी वर्षा, भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो जाए तो वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों अथवा होल्डिंग एरिया में ही रुकें और प्रशासन व पुलिस के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा आगे बढ़ाई जाएगी।
गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों की लगातार समीक्षा की जा रही है। सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की।

Chief Editor, Aaj Khabar
