Headlines

Nainital: कुमाऊं की स्वास्थ्य सेवाओं पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, टीबी डेंगू और मातृ स्वास्थ्य को लेकर दिए अहम निर्देश

Nainital: कुमाऊं की स्वास्थ्य सेवाओं पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, टीबी डेंगू और मातृ स्वास्थ्य को लेकर दिए अहम निर्देश
शेयर करे-

Nainital: कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को नैनीताल कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक कर सभी जिलों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में मंडल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता, आवश्यक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (टीबी) की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने टीबी मरीजों की समयबद्ध स्क्रीनिंग और नोटिफिकेशन में आ रही समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। साथ ही खराब मशीनों की शीघ्र मरम्मत और फील्ड स्तर पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

वर्षाकाल को देखते हुए हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी के निर्देश देते हुए उन्होंने आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को नियमित संपर्क बनाए रखने तथा प्रसव से पहले महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत विद्यालयों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों की प्रारंभिक पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, संचारी एवं गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।

डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, जलभराव रोकने, फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण और अन्य निवारक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कैंसर मरीजों के लिए रोडवेज यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। वहीं सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक अफवाहों पर चिंता जताते हुए आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में लगाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से ही प्राप्त करें और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *