New Delhi: संसद मार्च और राजधानी में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार और सीजेपी (Cockroach Janta Party) के बीच संवाद की पहल हुई। सोमवार को सीजेपी के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात कर संगठन की प्रमुख मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
सीजेपी की ओर से प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने बैठक में भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उन्होंने अपनी मांगों को विस्तार से जेपी नड्डा के समक्ष रखा। बैठक लगभग 10 मिनट चली, जिसमें नड्डा ने मांगों पर सरकार के स्तर पर चर्चा करने के लिए समय मांगा और आंदोलन समाप्त करने की अपील की।
बैठक के बाद सीजेपी नेताओं ने कहा कि फिलहाल उन्हें किसी मांग पर ठोस आश्वासन या प्रतिबद्धता नहीं मिली है। उनका कहना है कि जब तक स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति पर विचार जारी रहेगा।
गौरतलब है कि संसद मार्च के दौरान दिल्ली में भारी सुरक्षा व्यवस्था रही और कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच तनाव की स्थिति भी देखने को मिली। इसी बीच सरकार की ओर से वार्ता की पहल को गतिरोध खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
