Haldwani: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ के तहत 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को हल्द्वानी स्थित होटल सौरभ में विधायक सुमित हृदयेश की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, जिम्मेदारियों के निर्धारण, परिवहन व्यवस्था तथा अधिक से अधिक छात्र-युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज़ को सीधे सुनने तथा उनके विचारों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि आज का युवा शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, नवाचार, उद्यमिता और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखना चाहता है और यह कार्यक्रम उसे ऐसा अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगा और इसमें किसी भी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं होगी। कार्यक्रम में छात्रों की समस्याओं, सुझावों, अपेक्षाओं और भविष्य से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि कार्यक्रम में 30 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि देशभर के छात्रों की आवाज़ सुनने और उन्हें लोकतांत्रिक संवाद का मंच देने की यह महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक के अंत में विधायक सुमित हृदयेश ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक छात्र-युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया, ताकि उत्तराखंड के विद्यार्थी बड़ी संख्या में इस संवाद का हिस्सा बन सकें।

Chief Editor, Aaj Khabar
