Haldwani: प्रदेशभर के जूनियर हाईस्कूल शिक्षक अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। शिक्षकों ने सरकार से टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त करने, वेतनमान लाभ देने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने और पदोन्नति व्यवस्था सुनिश्चित करने समेत कई अहम मांगें उठाई हैं।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता से पूर्ण छूट देने की मांग शामिल है। इसके अलावा शिक्षकों को 17,140 का वेतनमान लाभ देने और पूरी सेवा अवधि में तीन पदोन्नतियों की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है।
आंदोलनरत शिक्षकों ने एक ही विज्ञप्ति के आधार पर नियुक्त प्रदेश के सभी शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की है। साथ ही जूनियर हाईस्कूलों में अंग्रेजी विषय के अनिवार्य पद सृजित करने और शिक्षकों को एक बार अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सुविधा देने की मांग भी की गई है।
इसके अतिरिक्त 5400 ग्रेड वेतन प्राप्त कर रहे शिक्षकों को बोनस भुगतान करने अथवा उन्हें राजपत्रित अधिकारी घोषित करने की मांग भी आंदोलन का अहम हिस्सा बनी हुई है। शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं ले रही है, जिसके चलते आंदोलन को मजबूर होना पड़ा।

Chief Editor, Aaj Khabar
