Haldwani: नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया समस्त सामान बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 को हेमचंद पंत निवासी पीडी कॉलोनी, मुखानी ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई कि 19 से 20 मार्च के बीच अज्ञात चोर ने अमृता आश्रम के पास स्थित मंदिर का ताला तोड़कर अंदर से पीतल व तांबे के धार्मिक सामान सहित अन्य वस्तुएं चोरी कर लीं। इस मामले में थाना मुखानी में FIR संख्या 30/26 धारा 305(a)/331(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्ध की तलाश तेज कर दी।
21 मार्च को पुलिस टीम को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति काठगोदाम बाईपास रोड से चौपला चौराहे की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने निहारिका बैंकट हॉल लिंक रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लाल सिंह (52 वर्ष), निवासी कोहली कॉलोनी विठोरिया, थाना मुखानी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से मंदिर से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद हुआ, जिसमें काली माता, दुर्गा माता और गणेश जी की मूर्तियां, तांबे के लोटे, पीतल की घंटियां, आरती स्टैंड, आर्टिफिशियल आभूषण, माइक्रोफोन सहित अन्य सामग्री शामिल है। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उप निरीक्षक रजनी आर्या, कांस्टेबल रोहित कुमार, धीरज सुगड़ा और राजेश जोशी शामिल रहे। इस पूरे ऑपरेशन में कांस्टेबल धीरज सुगड़ा और रोहित कुमार की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

Chief Editor, Aaj Khabar
