Haldwani: शहर के हल्दुपोखरा रोड पर सोमवार शाम को हुई फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना में तीन युवक घायल हो गए। घटना बिड़ला स्कूल के पास की बताई जा रही है, जहां एक कार में सवार युवकों को 20 से 25 लोगों के एक समूह ने घेर लिया, मारपीट की और फायरिंग कर दी।
घायलों की पहचान हरीश सिंह मेहरा, गणेश दरम्वाल और भास्कर बोरा के रूप में हुई है। तीनों चांदनी चौक, घुड़दौड़ा क्षेत्र के निवासी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने पहले कार को रोका, युवकों से मारपीट की और उसके बाद गोली चला दी। इस दौरान भास्कर बोरा को गोली लगी, जबकि हरीश और गणेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने पीड़ितों की कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, भास्कर की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य दो का इलाज हल्द्वानी में ही चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

