Haldwani: भगवान शिव कथामृत कलश यात्रा कार्यक्रम के मद्देनज़र पुलिस एवं प्रशासन ने 28 जनवरी 2026 को शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की है। यह डायवर्जन योजना प्रातः 10:00 बजे से कलश यात्रा की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
कलश यात्रा का शुभारंभ एमबी इंटर कॉलेज से होगा, जो कुल्यालपुरा चौराहा, अटल रोड, अटल तिराहा, जेल रोड तिराहा, कालाढूंगी तिराहा, रोडवेज, तिकोनिया चौराहा, डिग्री कॉलेज तिराहा होते हुए पुनः कुल्यालपुरा चौराहा से एमबी इंटर कॉलेज पर संपन्न होगी।
यातायात व्यवस्था के तहत दोनहरिया तिराहा से एमबी इंटर कॉलेज की ओर आने वाले समस्त वाहनों का प्रवेश सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा से पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। वहीं जगदंबा नगर पानी की टंकी तिराहा से कुल्यालपुरा चौराहा की ओर, तिकोनिया चौराहा से कैनाल रोड होते हुए कुल्यालपुरा चौराहा की ओर, डिग्री कॉलेज तिराहा से कुल्यालपुरा चौराहा की ओर तथा अटल तिराहा से अटल रोड होते हुए कुल्यालपुरा चौराहा की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
जब कलश यात्रा अटल तिराहा से कालाढूंगी तिराहा के मध्य रहेगी, उस दौरान मुखानी चौराहा से जेल रोड की ओर जाने वाले वाहनों को मुखानी चौराहा से नहर कवरिंग रोड होते हुए काठगोदाम/धनमील रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार, जब यात्रा कालाढूंगी चौराहा से डिग्री कॉलेज तिराहा के मध्य होगी, तब बरेली रोड एवं रामपुर रोड से आने वाले वाहन गांधी इंटर कॉलेज तिराहा अथवा आईटीआई तिराहा से डायवर्ट होकर कैंसर अस्पताल तिराहा से मुखानी चौराहा के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे।
कलश यात्रा मार्ग के बीच पड़ने वाले सभी कटों से किसी भी प्रकार के वाहन को मुख्य मार्ग में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम आयोजकों के वाहन एमबी इंटर कॉलेज के प्रथम गेट के अंदर एवं एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पार्क किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अन्य वाहनों की पार्किंग ठंडी सड़क एवं परख इमेजिंग सेंटर में निर्धारित की गई है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
