Haldwani: उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ को रजत जयंती समारोह के रूप में भव्यता से मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने मंगलवार को नगर निगम सभागार हल्द्वानी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि रजत जयंती के अवसर पर जिलेभर में सांस्कृतिक, पर्यटन और खेल गतिविधियों से जुड़े विविध आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) पर एम.बी.पी.जी. कॉलेज हल्द्वानी से तिकोनिया, ठंडी सड़क और हाइडिल गेट मार्ग तक होने वाली पदयात्रा की रूपरेखा पर भी चर्चा की। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल, स्वास्थ्य शिविर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएंगी।
सीडीओ ने कहा कि आयोजन में जनसहभागिता अधिकतम सुनिश्चित की जाए और लोगों से अपील की जाए कि वे राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करने हेतु पदयात्रा में शामिल हों।
बैठक में तय कार्यक्रमों के अनुसार पंगोट, नैनीताल में पक्षी दर्शन, नैनीताल से कैंची धाम तक ट्रेकिंग, भीमताल में वाटर साइक्लिंग, विद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, खगोल विज्ञान इवेंट, कृषक सम्मेलन, महिला सम्मेलन, सांस्कृतिक संध्या और फूड फेस्टिवल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तरीय महिला और सैनिक सम्मेलन रामनगर और हल्द्वानी में होंगे।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
