Haldwani: जूजित्सु एसोसियेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हल्द्वानी में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर अंडर-18 जूजित्सु चैंपियनशिप-2025 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने तीसरे दिन भी शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया।
तीसरे दिन उत्तराखंड ने 20 स्वर्ण पदक जीतकर तीन दिनों में कुल 54 स्वर्ण पदकों का आंकड़ा पार करते हुए स्वर्णिम अर्धशतक पूरा किया। यह प्रदर्शन अब तक का सर्वश्रेष्ठ माना जा रहा है। निदेशक प्रशासन सतीश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड पिछले आठ वर्षों से लगातार राष्ट्रीय चैंपियन रहा है और इस बार पदकों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है।
पदक तालिका में उत्तर प्रदेश की टीम 28 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि हरियाणा की टीम 26 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी दमदार खेल दिखाते हुए 10 स्वर्ण पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया।
उत्तराखंड के स्वर्ण पदक विजेताओं में देहरादून के स्वर्णिम ममगई, हल्द्वानी की कृष्णांजली जोशी, अंशिका शर्मा, प्रद्युम्न पांडेय, भव्या जोशी, मयंक कबाड़वाल, याशिका धपोला, अल्मोड़ा के आदित्य बिष्ट, ऊधम सिंह नगर की अनाया, बबीता अधिकारी, चारवी बिष्ट, वंशिका चौधरी, रिधिमा नेगी, नंदनी सागर, रेयांश सिंह, मानस मेवाड़ी, नंदनी तथा दिवनूर सेट्टी शामिल हैं।
चैंपियनशिप में देश के 23 राज्यों से लगभग 800 खिलाड़ी और 80 से अधिक ऑफिशियल्स व रेफरी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।

Chief Editor, Aaj Khabar
