Nainital: चौकी ज्योलिकोट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तल्लीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना को गंभीर और अक्षम्य मानते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को चौकी प्रभारी ज्योलिकोट उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ बैरियर पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान होटल जिप्सी रेस्टोरेंट में पर्यटकों और होटल स्टाफ के बीच बिल को लेकर विवाद की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराने का प्रयास किया।
इस दौरान चार व्यक्तियों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा के सिर पर आधी भरी पानी की बोतल से दो बार हमला किया गया, जिससे वे घायल हो गए। साथ ही एक होमगार्ड जवान के साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया।
घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई, जिस पर एसएसपी नैनीताल ने अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजने के निर्देश दिए। अतिरिक्त बल के पहुंचते ही पुलिस ने चारों आरोपियों—दीप चंद्र, मनोज, त्रिभुवन शर्मा और प्रवीण चंद मंसत—को गिरफ्तार कर लिया।
चारों आरोपियों के खिलाफ थाना तल्लीताल में एफआईआर संख्या 72/2025 दर्ज कर सरकारी कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष तल्लीताल ने स्वयं विवेचना करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
