Haldwani: इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हल्द्वानी में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर अंडर-18 जूजित्सु चैंपियनशिप-2025 में मेजबान उत्तराखंड ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर देश में अपनी श्रेष्ठता साबित की। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 56 स्वर्ण, 22 रजत और 12 कांस्य सहित कुल 90 पदक जीतकर नौवीं बार राष्ट्रीय जूनियर जूजित्सु का खिताब अपने नाम किया।
चैंपियनशिप के चौथे और अंतिम दिन आयोजित समापन समारोह में खेल विभाग की उप निदेशक रसिका सिद्दीकी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने विजेता राज्यों को चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की और देश के 23 राज्यों से आए खिलाड़ियों एवं प्रतिनिधियों को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने उत्तराखंड के खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
जूजित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निदेशक प्रशासन सतीश जोशी ने बताया कि समापन अवसर पर विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक डुओ शो का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
पदक तालिका में उत्तर प्रदेश 32 स्वर्ण, 12 रजत और 22 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। असम की टीम ने 26 स्वर्ण, 12 रजत और 18 कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। हरियाणा 20 स्वर्ण, 20 रजत और 26 कांस्य पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा, जबकि छत्तीसगढ़ ने 14 स्वर्ण, 10 रजत और 16 कांस्य पदक जीतकर पाँचवाँ स्थान हासिल किया। मध्यप्रदेश ने 12 स्वर्ण, 12 रजत और 25 कांस्य पदकों के साथ छठा स्थान प्राप्त किया।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कुमार जोशी और महासचिव अमित अरोड़ा ने उत्तराखंड में इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आयोजकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि सभी स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी अप्रैल माह में श्रीलंका में होने वाली दक्षिण एशियाई जूजित्सु चैंपियनशिप तथा जुलाई माह में कजाकिस्तान में आयोजित एशियन यूथ चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
