Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: शीतलहर को लेकर प्रशासन सतर्क, मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को दिए व्यापक निर्देश

Dehradun: शीतलहर को लेकर प्रशासन सतर्क, मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को दिए व्यापक निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: प्रदेश में संभावित शीतलहर और बर्फबारी के मद्देनज़र राज्य प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर शीतकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में सभी जिलों को निर्देश दिए गए कि विभिन्न विभागों द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा कोल्ड वेव एक्शन प्लान तैयार कर उसके अनुसार प्रभावी कार्यवाही की जाए। बर्फबारी और पाला प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि शीतऋतु में आमजन की सुरक्षा के लिए सभी जनपदों में अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्था की जाए तथा इनके लिए अलग से नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। आवश्यकता के अनुसार कंबलों के वितरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

चिकित्सा सेवाओं को लेकर निर्देश दिए गए कि आपातकालीन सेवाओं में तैनात चिकित्सकों की सूची, उनके मोबाइल नंबर और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही पशुओं के लिए चारे और दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था तथा पशु चिकित्सकों की आपातकालीन सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य आपूर्ति, पेयजल और ईंधन को लेकर मार्च माह के अंत तक पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया। विशेष रूप से भारी बर्फबारी से प्रभावित होने वाले दूरस्थ क्षेत्रों में दिसंबर माह के अंत तक आवश्यक वस्तुओं का भंडारण अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।

बर्फ से ढकी सड़कों को खोलने के लिए आवश्यक उपकरणों, साइन बोर्ड, रिफलेक्टर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही ट्रेकिंग कराने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों के साथ बैठक कर पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *