Dehradun: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंगलवार को नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचकर भाजपा नेताओं के खिलाफ लिखित तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर उनकी छवि को धूमिल करने की सुनियोजित साजिश रची गई है और इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
हरीश रावत ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा एआई आधारित वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे सोची-समझी रणनीति के तहत प्रचारित किया गया। उनका आरोप है कि यह वीडियो भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज से साझा किया गया, जिसे बाद में पार्टी के कई नेताओं ने आगे बढ़ाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस प्रशासन इस प्रकरण में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है, तो वह भाजपा कार्यालय के बाहर धरना देने को मजबूर होंगे। उन्होंने इसे केवल उनकी व्यक्तिगत छवि पर हमला ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं का भी गंभीर उल्लंघन बताया।
थाने में तहरीर देने के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि एआई जैसी आधुनिक तकनीक का राजनीतिक दुरुपयोग लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।


Chief Editor, Aaj Khabar
