Dehradun: अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चाओं के केंद्र में आ गया है। भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। वीडियो में उन्होंने दावा किया है कि अंकिता हत्याकांड में “गट्टू” ही वीआईपी था और उसी वीआईपी को स्पेशल सर्विस देने के लिए अंकिता पर दबाव बनाया जा रहा था।
कथित पत्नी ने अलग-अलग वीडियो के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के कुछ बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुरेश राठौर से चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच उन्होंने इस हत्याकांड से जुड़े कई कथित राज उजागर करने की बात कही है। हालांकि, इन आरोपों की सच्चाई को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनके बयानों ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।
सबसे अधिक चर्चा हत्याकांड में वीआईपी के कथित खुलासे को लेकर हो रही है, जिसमें भाजपा के एक बड़े नेता का नाम सामने आने का दावा किया जा रहा है। इसके बाद कांग्रेस ने इस मुद्दे को जोरशोर से उठाते हुए दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल ने भाजपा और राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
वहीं, उत्तराखंड भाजपा की ओर से भी इस मामले में प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीति और विचारधारा में सुचिता सर्वोपरि है। किसी भी नेता की छवि वर्षों की मेहनत से बनती है, लेकिन निराधार आरोप उसे क्षण भर में नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए ऐसे आरोपों पर बिना तथ्य भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।
कुंदन परिहार ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है। संगठन स्तर पर पूरे प्रकरण पर नजर रखी जा रही है और यदि किसी व्यक्ति द्वारा पार्टी के शीर्ष नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है, तो उस पर कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी कई पहलुओं पर स्पष्टीकरण आना बाकी है, उसके बाद ही किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा जाना चाहिए।

Chief Editor, Aaj Khabar
