Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: नैनीताल विंटर कार्निवाल में लोककला, संस्कृति और देशभक्ति का भव्य संगम

Nainital: नैनीताल विंटर कार्निवाल में लोककला, संस्कृति और देशभक्ति का भव्य संगम
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल विंटर कार्निवाल के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित रंगारंग कार्यक्रमों ने नगर को उत्सवमय माहौल में रंग दिया। स्थानीय विधायक सरिता आर्या एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने हरी झंडी दिखाकर कार्निवाल झांकी का शुभारंभ किया। झांकी तल्लीताल डांठ से प्रारंभ होकर माल रोड होते हुए फ्लैट्स मैदान मल्लीताल में संपन्न हुई।

कार्निवाल झांकी में कला एवं संस्कृति का अनूठा और मनमोहक संगम देखने को मिला। देश–विदेश से आए पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया। झांकियों में पारंपरिक लोककलाओं की जीवंत प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान लखिया भूत की झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और सजीव प्रस्तुति से दर्शकों को खासा प्रभावित किया। वहीं बाबा दीप सिंह गतका ग्रुप द्वारा प्रस्तुत साहसिक करतबों ने रोमांच से भर दिया। अनुशासन, परंपरा और शौर्य से जुड़ी इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।

Nainital

झांकी में रं कल्याण संस्था हल्द्वानी द्वारा रं संस्कृति तथा तिब्बती कम्युनिटी नैनीताल के माध्यम से सीमावर्ती तिब्बती संस्कृति की मनोहारी झलक भी देखने को मिली। पारंपरिक परिधान, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्निवाल को विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत उदाहरण बना दिया।

जब कुमाऊं रेजिमेंट और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के बैंड की सुमधुर धुनें वातावरण में गूंजीं, तो पूरा क्षेत्र देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत हो उठा। सुरों की लय पर जनसमूह भाव-विभोर हो गया। इसके पश्चात नैनी झील में याट एवं रोइंग बोट कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने पर्यटकों के आकर्षण को और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या ने कहा कि नैनीताल विंटर कार्निवाल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में चेयरमैन डॉ. सरस्वती खेतवाल, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नाजिश खलीक, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, महासचिव वेद शाह, तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति शाह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पर्यटक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Nainital