Haldwani: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ जन आंदोलन को लेकर महानगर कांग्रेस ने बुधवार को होटल सौरभ में प्रेसवार्ता की। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया। इसी क्रम में गुरुवार को दोपहर 12 बजे बुद्ध पार्क, तिकोनिया से जनजागरण मार्च निकाला जाएगा।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने या चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी जैसी शिकायतें सामने आती हैं तो यह केवल किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा गंभीर सवाल है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के वोट की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक संघर्ष करेगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर निर्वाचन आयोग को स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।
सुमित हृदयेश ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठा रहे हैं और उनके संघर्ष से लोकतंत्र, संविधान तथा मतदाता के अधिकारों को लेकर देश में जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधा संवाद किया और सामाजिक एकता, लोकतंत्र तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय विमर्श में प्रमुखता दी।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के चुनावी परिणामों और जमीनी परिस्थितियों का अध्ययन करने के बाद कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को गंभीरता से उठा रही है। महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के चुनावी अनुभवों के बाद कांग्रेस लगातार ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रही है।
विधायक ने कहा कि हल्द्वानी नगर निगम चुनाव सहित विभिन्न चुनावों के अनुभवों ने भी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान मतपेटियों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर सजगता दिखाई।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान किसी राजनीतिक दल के खिलाफ मात्र राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड और बूथ स्तर तक जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नाम हटाए जाने की शिकायत को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे।
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा कि अभियान को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। लोगों को अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने तथा किसी भी विसंगति की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए जागरूक किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के तहत गुरुवार दोपहर 12 बजे बुद्ध पार्क, तिकोनिया से जनजागरण मार्च निकाला जाएगा। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक लोकतंत्र, संविधान तथा मतदाता के अधिकारों की रक्षा का संदेश लेकर जनता के बीच पहुंचेंगे।
प्रेसवार्ता में विधायक सुमित हृदयेश, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी, हरीश मेहता, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, मधु सांगुड़ी, कमला सनवाल, सुहैल सिद्दीकी, गिरीश पांडे, दीप पाठक, नरेश अग्रवाल, बहादुर बिष्ट, जाकिर हुसैन, अमित रावत, महेंद्र कुमार और दिनेश सांगुड़ी मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
