Kashipur: उत्तराखण्ड की रजत जयंती वर्ष समारोह की श्रृंखला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज काशीपुर में राज्य स्तरीय शहरी विकास सम्मेलन का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹46.24 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग सशक्तिकरण कौशल विकास वाहन और नगर निगम काशीपुर के 14 कूड़ा एकत्रित करने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण के प्रारंभिक वर्षों में संसाधनों की कमी और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद उत्तराखण्ड ने 25 वर्षों में विकास, समृद्धि और सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि गाँव राज्य की आत्मा हैं, तो शहर नागरिकों की आकांक्षाओं और सपनों का केंद्र। इसी सोच के साथ सरकार ने शहरी विकास को प्राथमिकता में रखा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में शहरी जनसंख्या 2001 में 16 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। राज्य में अब 11 नगर निगम समेत 107 नगर निकाय नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरी विकास विभाग का बजट 55 करोड़ रुपये से बढ़कर अब 1300 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जिससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांत पर आधारित योजनाओं से शहरी भारत का कायाकल्प हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन ने नगरों के ढाँचे को सशक्त बनाया है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड सरकार भी ठोस कचरा प्रबंधन, प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास, अमृत मिशन और खुले में शौच मुक्त अभियान जैसी योजनाओं से प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुँचा रही है। साथ ही ₹82.50 करोड़ की लागत से 52 निकायों में 115 अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना, ₹1100 करोड़ की औद्योगिक हब परियोजना और ₹100 करोड़ की अरोमा पार्क परियोजना स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, सचिव शहरी विकास नितेश कुमार झा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

