Headlines

Kashipur: ट्रांसपोर्ट के जरिए काशीपुर में नशे की तस्करी का पर्दाफाश, 1.32 करोड़ के 43,950 कंट्रोल्ड ड्रग इंजेक्शन बरामद

Kashipur: ट्रांसपोर्ट के जरिए काशीपुर में नशे की तस्करी का पर्दाफाश, 1.32 करोड़ के 43,950 कंट्रोल्ड ड्रग इंजेक्शन बरामद
शेयर करे-

Kashipur: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। काशीपुर कोतवाली पुलिस, काशीपुर एसओजी और फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट के माध्यम से लाई गई नशे की भारी खेप का खुलासा करते हुए 43,950 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। बरामद इंजेक्शनों का खुदरा बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपये आंका गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काशीपुर क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट के जरिए नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस, एसओजी और फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की टीम ने SAFEXPRESS ट्रांसपोर्ट, दड़ियाल रोड, टांडा उज्जैन, काशीपुर में चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान ट्रांसपोर्ट में रखी गई 16 संदिग्ध पेटियों की तलाशी ली गई, जिनमें नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप मिली।

तलाशी में BINORPHINE (Buprenorphine Injection IP) के 1,598 डिब्बों में कुल 39,950 इंजेक्शन और REXOGESIC (Buprenorphine Injection) के 160 डिब्बों में कुल 4,000 इंजेक्शन बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 43,950 नशीले इंजेक्शन पुलिस ने कब्जे में ले लिए।

मौके पर औषधि निरीक्षक नीरज कुमार और औषधि निरीक्षक निधि शर्मा ने बरामद इंजेक्शनों की तकनीकी जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि दोनों दवाएं “कंट्रोल्ड ड्रग्स” की श्रेणी में आती हैं, जिनका परिवहन और उपयोग केवल लाइसेंस प्राप्त इकाइयों द्वारा ही किया जा सकता है। मौके पर विधिवत इन्वेंट्री रिपोर्ट भी तैयार की गई।

जांच में सामने आया कि यह नशीली खेप रिपुल चौहान पुत्र रक्षपाल सिंह, निवासी ग्राम नजीमपुर, पोस्ट जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी वार्ड संख्या-13, कविनगर, कोतवाली काशीपुर द्वारा मंगाई गई थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त, प्रभावी और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

गौरतलब है कि देशभर में ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत नशे और नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उत्तराखंड में भी ‘नशा मुक्त उत्तराखंड’ अभियान के अंतर्गत पुलिस और प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *