Headlines

Rishikesh: ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार में चार लोगों की मौत

Haldwani Newss
शेयर करे-

Rishikesh: देहरादून जिले के ऋषिकेश में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर मनसा देवी मंदिर के पास रेलवे फाटक के समीप तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरिद्वार की ओर से आ रही एक्सयूवी कार बेहद तेज गति में थी और रास्ते में कई वाहनों को ओवरटेक कर रही थी। रेलवे फाटक के पास अंधेरे में अचानक सामने आए जानवर को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, लेकिन सड़क किनारे खड़े ट्रक को देख नहीं पाया। कार ट्रक से इतनी जोर से टकराई कि उसके परखच्चे उड़ गए और वाहन ट्रक के नीचे जा घुसा।

हादसे की तेज आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ऋषिकेश कोतवाली, श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए कटर मंगवाकर वाहन को काटना पड़ा। गंभीर अवस्था में सभी को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

ऋषिकेश कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि कार नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान चंद्रेश्वर मार्ग निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। हादसे में जान गंवाने वालों की शिनाख्त भी कर ली गई है।

हादसे में मृतक

  • धीरज जायसवाल (31), पुत्र दिनबंधु जायसवाल, निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश
  • हरिओम पाण्डे (22), पुत्र अरविंद कुमार पाण्डे, निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश
  • करण प्रसाद (23), पुत्र तुलसी प्रसाद, निवासी लकड़घाट, ऋषिकेश
  • सत्यम कुमार (20), पुत्र मंगल सिंह, निवासी गुज्जर बस्ती, श्यामपुर, ऋषिकेश

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *