Headlines

Nainital: नैनीताल में 16वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 49 टीमें दिखाएंगी दमखम

Nainital: नैनीताल में 16वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 49 टीमें दिखाएंगी दमखम
शेयर करे-

Nainital: पर्यटन नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक डीएसए मैदान में गुरुवार को 16वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कुमाऊं मंडल आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने फीता काटकर तथा हॉकी स्टिक से गेंद पर शॉट लगाकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व तल्लीताल रोडवेज स्टेशन से डीएसए मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नैनीताल का गौरव बढ़ाने वाले ओलंपियन राजेंद्र रावत तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नरेंद्र बिष्ट और ललित शाह को विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में सम्मानपूर्वक लाया गया। माल रोड से गुजरती इस आकर्षक शोभायात्रा का नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

शोभायात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस बैंड, पारंपरिक छोलिया नृत्य दल, महिला समूह तथा सांस्कृतिक टीमों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। रंग-बिरंगी झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे नगर को खेल और उत्सव के माहौल में रंग दिया।

मुख्य अतिथि दीपक रावत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास का सशक्त मंच हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

उद्घाटन समारोह के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं, सांस्कृतिक दलों और छोलिया नृत्य कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने सभी खिलाड़ियों और आगंतुकों का स्वागत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता के 16वें संस्करण में देश के विभिन्न राज्यों से 49 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य हॉकी खेल को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रुद्रपुर और आगरा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा मंत्री दिनेश आर्या, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, डीएसए उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, हॉकी सचिव चंद्र लाल शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *