Nainital: साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी वंदना ने मुक्तेश्वर क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ओद्यानिकी में एप्पल मिशन के अंतर्गत तैयार बागानों का निरीक्षण कर किसानों से बातचीत की और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की प्रेरणा दी।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन व्यवसायियों से बैठक कर रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की और स्वच्छता को लेकर होटल व होमस्टे संचालकों को चेतावनी दी। महिला स्वयं सहायता समूहों से मिलकर उनके कार्यों की सराहना की और उन्हें प्रोत्साहित किया।
ग्राम सभा सूपी में सामुदायिक रेडियो केंद्र का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने इसे सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए विभागवार रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की पेयजल समस्या पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को 10 दिन में समाधान का आदेश दिया और विफलता पर अवर अभियंता का वेतन रोकने की चेतावनी दी। वहीं जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, विपणन समस्या और चकबंदी की मांग पर अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कसियालेख स्थित पीएम श्री इंटर कॉलेज में बेहतर पठन-पाठन देखकर जिलाधिकारी ने विद्यालय को राज्य स्थापना दिवस पर सम्मानित करने की घोषणा की और खेल मैदान व चहारदीवारी निर्माण के निर्देश दिए।
पर्यटन व्यवसायियों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूरा करने, सड़क सुरक्षा मानकों को लागू करने, पॉकेट पार्किंग निर्माण और अवैध होटल-होमस्टे पर कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने रोड सेफ्टी ऑडिट कराने और बंद पड़े हाईटेक शौचालय को शीघ्र चालू कराने के निर्देश भी दिए।
गांव सुनकिया में घस्यारी महिला समूह के होमस्टे का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने इसकी सराहना की और पर्यटन विभाग को आसपास साइनेज, कूड़ादान व सौर ऊर्जा लाइट लगाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी धारी, कृषि, उद्यान, पशुपालन, लोनिवि, सिंचाई, पर्यटन विभाग के अधिकारी सहित स्थानीय प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
