Uttar Pradesh: मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का प्राइवेट जेट टेकऑफ से पहले झाड़ियों में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार सभी लोग, जिनमें दोनों पायलट समेत फैक्ट्री निरीक्षण के लिए आए अधिकारी शामिल थे, बाल-बाल बच गए।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने वाट्सएप ग्रुप के जरिए बताया कि विमान में सवार सभी सुरक्षित हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं कंपनी के प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडेय ने एक वीडियो जारी कर कहा कि पायलट को पहले से पहिए में हवा कम होने की जानकारी थी, इसके बावजूद लापरवाही बरती गई।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को भोपाल से पहुंचे डीएमडी अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा और बीपीओ राकेश टीकू ने खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में बीयर फैक्ट्री का निरीक्षण किया था। गुरुवार सुबह 10:30 बजे वे सभी जेट से भोपाल लौट रहे थे, तभी विमान रनवे पर करीब 400 मीटर चलने के बाद उड़ान भरते समय असंतुलित होकर झाड़ियों में घुस गया।
मौके पर एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, सीओ अजय वर्मा, फायर ब्रिगेड के आशीष वर्मा, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। जिलाधिकारी ने कहा कि तकनीकी जांच के बाद ही असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। राहत की बात रही कि किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

Chief Editor, Aaj Khabar

