Headlines

Nainital: कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर ब्रेक फेल होने से दो टेंपो ट्रैवलर पलटे, 11 पर्यटक घायल और दो की हालत गंभीर

Nainital: कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर ब्रेक फेल होने से दो टेंपो ट्रैवलर पलटे, 11 पर्यटक घायल और दो की हालत गंभीर
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल जिले के कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर रविवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसने यात्रियों में अफरा-तफरी मचा दी। प्रिया बैंड के पास एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैवलर पहाड़ी से टकराकर सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे में वाहन में सवार कई पर्यटक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के तुरंत बाद स्थिति और भयावह तब हो गई जब पहले वाहन के ठीक पीछे चल रहा दूसरा टेंपो ट्रैवलर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। इस वाहन में सवार यात्रियों में भी कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों में कुल 28 पर्यटक सवार थे, जो नैनीताल भ्रमण के बाद गाजियाबाद लौट रहे थे। दोनों हादसों में कुल 11 लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को बाहर निकालकर तत्काल कालाढूंगी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

गंभीर रूप से घायल दो पर्यटकों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। डॉक्टरों के अनुसार गंभीर घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए वाहनों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होना मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *