Nainital: जनपद में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के साथ सभी तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एनएच, सिंचाई, विद्युत, पेयजल समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी और मैनपावर तैनात रखने को कहा गया है, ताकि सड़क मार्ग बाधित होने पर तत्काल यातायात सुचारू किया जा सके।
उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर रही हैं। मकानों को आंशिक क्षति अथवा पशुहानि की सूचना वाले क्षेत्रों में तहसीलदारों के माध्यम से तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा रही है।
डीएम के मुताबिक जनपद में इस समय करीब चार दर्जन मार्ग अवरुद्ध हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत ग्रामीण सड़कें हैं। 4-5 स्टेट हाईवे और राष्ट्रीय राजमार्ग का गरमपानी क्षेत्र भी बारिश के कारण बाधित है। मार्गों को खोलने के लिए मशीनरी लगाई गई है और कार्य लगातार जारी है।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदियों, नालों, गधेरों और बरसाती नालों के किनारे जाने से बचें। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि रील बनाने या फोटोग्राफी के लिए जोखिम वाले स्थानों पर न जाएं और मानसून के दौरान ऐसी गतिविधियों से पूरी तरह परहेज करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
