Headlines

Nainital: कैंची धाम जाम से मिलेगी राहत, आयुक्त दीपक रावत ने किया बाईपास और 330 वाहन क्षमता पार्किंग परियोजना का निरीक्षण

Nainital: कैंची धाम जाम से मिलेगी राहत, आयुक्त दीपक रावत ने किया बाईपास और 330 वाहन क्षमता पार्किंग परियोजना का निरीक्षण
शेयर करे-

Nainital: श्री कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के चलते लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने निर्माणाधीन भवाली-सैनिटोरियम-रातिघाट बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बाईपास मार्ग में सड़क कटान का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि रातिघाट में अल्मोड़ा हाईवे से मार्ग को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे वैली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है। अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने जानकारी दी कि वैली ब्रिज का कार्य अगले तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। आवश्यक परीक्षणों के बाद बाईपास मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

आयुक्त दीपक रावत ने निर्देश दिए कि नवनिर्मित रातिघाट मोटर मार्ग पर समतलीकरण, साइनेज, सुरक्षा संकेतक तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से जुड़े शेष कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

इस दौरान आयुक्त ने कैंची धाम क्षेत्र में विकसित की जा रही पार्किंग एवं मंदिर माला योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यहां 330 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। पार्किंग का दो मंजिला ढांचा तैयार हो चुका है तथा 180 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा तत्काल उपयोग हेतु उपलब्ध है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पाथवे का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है।

अधिकारियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि पार्किंग, ब्रिज और अन्य निर्माण कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान प्रशासन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *