Nainital: बाबा नीब करौरी महाराज के 15 जून को होने वाले जन्मोत्सव एवं कैंचीधाम मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को श्री कैंचीधाम मंदिर परिसर स्थित सभागार में आयोजित बैठक में मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की।
बैठक में यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाएं, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और गंभीरता से निर्वहन किया जाए।
पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि मेले के दिन इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर अन्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी, नैनीताल और भीमताल से शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी। निर्धारित पार्किंग स्थलों से मंदिर तक नियमित शटल बसों की व्यवस्था रहेगी। मार्ग पर वाहन पार्किंग और भंडारा आयोजन की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने सभी पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और पर्याप्त विद्युत प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साफ-सफाई के लिए नगर पालिका भवाली और जिला पंचायत को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है। पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती के साथ मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे तथा मंदिर परिसर और मार्गों से दिन में कम से कम तीन बार कूड़ा उठान कराया जाएगा।
श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी के टैंकर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत तीन दिनों तक मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी और दो एम्बुलेंस लगातार उपलब्ध रहेंगी। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा विशेष टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग शिप्रा नदी क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करेगा और पैदल मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करेगा। मंदिर परिसर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। अग्निशमन विभाग की टीम भी पूरे मेले के दौरान तैनात रहेगी।
बैठक में मंदिर समिति, व्यापार मंडल और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।

Chief Editor, Aaj Khabar
